केरल के मुख्य सचिव का पद संभालतीं शारदा मुरलीधरन
- फोटो : एक्स/@ChiefKerala
केरल में 1990 बैच की आईएएस अधिकारी शारदा मुरलीधरन राज्य की नई मुख्य सचिव बनी हैं। खास बात ये है कि शारदा मुरलीधरन ने अपने पति वी वेणु की ही जगह ली है। वी.वेणु बीती 31 अगस्त को रिटायर हो गए। केरल राज्य में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी आईएएस अधिकारी ने अपनी पत्नी को ही मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी है।
शारदा मुरलीधरन ने बदलाव को बताया अजीब
केरल सरकार ने 21 अगस्त को मुरलीधरन की नियुक्ति की पुष्टि की थी। इससे पहले वह केरल सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव (योजना और आर्थिक मामले) के पद पर कार्यरत थीं। वेणु और शारदा मुरलीधरन दोनों ही 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, वेणु अपनी पत्नी से कुछ महीने बड़े हैं। मुरलीधरन, जिनका विभिन्न विभागों में एक विशिष्ट करियर रहा है, उन्होंने इस बदलाव को एक अजीब अनुभव बताया, खासकर तब जब वह अपने पति की सेवानिवृत्ति के बाद अगले आठ महीनों तक सेवा में बनी रहेंगी।
शशि थरूर ने की तारीफ
कांग्रेस नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने इस बदलाव की ऐतिहासिक प्रकृति की ओर इशारा किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे लेकर पोस्ट साझा किया। शशि थरूर ने लिखा कि 'भारत में पहली बार (जहां तक याद आता है), केरल के निवर्तमान मुख्य सचिव डॉ वी वेणु ने तिरुवनंतपुरम में सचिवालय में एक औपचारिक हैंडओवर समारोह में अपनी पत्नी शारदा मुरलीधरन को मुख्य सचिव का पद सौंपा।'
शुक्रवार को वी. वेणु क विदाई समारोह में मुख्यमंत्री पिनरई विजयन भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री विजयन ने कहा कि केरल में ऐसे उदाहरण देखे गए हैं, जहाँ पति-पत्नी की जोड़ी ने महत्वपूर्ण नौकरशाही पदों पर काम किया है, यह पहली बार है कि एक मुख्य सचिव के बाद उनकी पत्नी ने पदभार संभाला है।