केरल के संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने 'जेलर' के अभिनेता विनायकम के गिरफ्तारी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है, इसे अभिनेता की "कलात्मक प्रतिक्रिया" माना जा सकता है। पत्नी के साथ विवाद मामले में पुलिस ने अभिनेता विनायकम को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वह एर्नाकुलम पुलिस स्टेशन पर हंगामा करने लगे।
इस पर केरल के मंत्री चेरियन ने कहा, 'वह एक कलाकार है। इसे उनके कलात्मक प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा सकता है। इस पर मुझे अपनी राय व्यक्त करने की जरूरत नहीं है। कलाकारों में समय समय पर कलात्मक प्रवृत्तियां बनती रहती है। इस बार यह पुलिस के सामने देखने को मिला। इस पर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।'
हालांकि, इस मामले का एक वीडियो टेलीविजन पर प्रसारित किया गया है, जिसमें पुलिस को अभिनेता के साथ अकड़कर बात करते हुए देखा गया। मंगलवार को अभिनेता विनायकम पुलिस के साथ अस्पताल से निकल रहे थे। दरअसल उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें बिलकुल भी अंदाजा नहीं है कि किस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि विनायकम को पुलिस स्टेशन में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उचित प्रक्रिया के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस मामले में कांग्रेस ने 25 अक्तूबर को विनायकम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की जमानती धराएं लगाने के लिए केरल पुलिस की निंदा की थी।