केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। सूत्रों ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें अभी कोई तकलीफ नहीं हो रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि विजयन वर्तमान में उत्तर केरल के कन्नूर स्थित अपने आवास में हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। सूत्र ने कहा कि फिलहाल, मुख्यमंत्री में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। हालांकि, उन्हें कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जा सकता है।
बता दें, इससे पहले 6 अप्रैल को केरल में विधानसभा चुनाव के मतदान के दौरान उनकी बेटी वीना विजयन और उनके दामाद पीए मोहम्मद रियास कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। विजयन ने विधानसभा चुनाव के दौरान पूरे राज्य में घूमकर प्रचार किया था।
पूर्व सीएम ओमन चांडी भी कोरोना संक्रमित
उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को जांच में उनके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। पिछले दो दिनों से वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। हाल में संपन्न केरल विधानसभा चुनाव में चांडी कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में से एक रहे। वह पुथुपल्यिन कोट्टायम विधानसभा सीट से उम्मीदवार भी हैं।
11 लाख से ज्यादा हुए संक्रमित
केरल में बीते कुछ सप्ताहों से कोरोना मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को राज्य में 3,502 नए मामले आए और 16 लोगों की महामारी से मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 11 लाख 44 हजार 594 हो गई है। महामारी से अब तक राज्य में 4710 लोगों की मौत हुई है।
31 हजार से ज्यादा का चल रहा इलाज
राज्य में अब तक 11 लाख आठ हजार 078 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 31,493 सक्रिय केस हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इनके अलावा 1 लाख 52 हजार 136 लोगों को निगरानी में रखा गया है।