कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
केरल के त्रिशूर स्थित सरकारी मेडिकल अस्पताल के कम से कम 39 छात्र कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं जिन्हें कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी थी। यह जानकारी अस्पताल के अधिकारियों ने सोमवार को दी।
कोविड-19 महामारी के चलते लागू लॉकडाउन के कारण बंद मेडिकल कॉलेज को एक जून को फिर से खोल दिया गया था और छात्रों का पहला बैच पांच जून को परिसर में वापस आया था।
अधिकारियों ने कहा कि 175 छात्रों का दूसरा बैच छह जून को आया था, जिनमें से उसी दिन कोविड-19 के पहले मामले की पुष्टि हुई थी। जब मामले बढ़ने लगे, तो अधिकारियों ने 17 जुलाई को उस बैच के सभी छात्रों की कोविड-19 जांच कराई। उनमें से 20 के वायरस से संक्रमित पाए जाने पर उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई।
उन्होंने कहा कि छात्रों के तीन बैच परिसर में रह रहे हैं क्योंकि उनकी परीक्षा चल रही है और इन बैचों के उन्नीस छात्र कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया, ‘छह जून से अब तक कुल 39 मेडिकल छात्र कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। उन सभी ने टीके की दो खुराक ली थी।’