कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई 2023 को समाप्त होने वाला है। ऐसे में सभावना है कि इसी महीने विधानसभा के चुनाव होंगे। इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य बीएस येदियुरप्पा ने मंगलावार को संकेत दिए हैं कि चार से छह को छोड़कर बाकी सभी मौजूदा विधायकों को टिकट मिलने की संभावना है। पार्टी के कद्दावर नेता ने कहा कि भाजपा चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक में फैसला करेगी कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री से जब सवाल किया गया कि क्या सभी मौजूदा विधायकों को टिकट मिलेगा, तो उन्होंने कहा, इस बात की संभावना है कि उनमें से चार-छह को छोड़कर ज्यादातर मौजूदा विधायकों को टिकट मिल जाएगा। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा अन्य दलों के नेताओं को चुनाव से पहले भाजपा में शामिल करने की योजना बना रही है, उन्होंने कहा, जो भी शामिल होना चाहता है और जो छोड़ना चाहता है, वह खुशी से बाहर जा सकता है... कई लोग पार्टी में शामिल होने के इच्छुक हैं, हम उनका स्वागत करेंगे।
Karnataka: भाजपा विधायक को पांच लाख के बॉन्ड पर अंतरिम जमानत, लोकायुक्त ने बेटे को रिश्वत लेते पकड़ा था
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा, इस सवाल पर येदियुरप्पा ने कहा कि चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक में इस पर फैसला किया जाएगा और अब मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में चुनाव होंगे। यह पूछे जाने पर कि यदि लोग महसूस करते हैं कि येदियुरप्पा अब मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होंगे तो क्या वे भाजपा से दूर जा सकते हैं, इसपर उन्होंने कहा, ऐसी कोई बात नहीं है। जहां भी मैं यात्रा कर रहा हूं, हमें भारी प्रतिक्रिया मिल रही है। लोग हमारी उम्मीदों से परे इकट्ठा हो रहे हैं। यह सब देखकर निश्चित है कि हम 140 से ज्यादा सीटें जीतेंगे और स्पष्ट बहुमत से सत्ता में आएंगे। इसे कोई नहीं रोक सकता। कर्नाटक में 224 विधानसभा सीटें हैं।
येदियुरप्पा पहले ही चुनावी राजनीति से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं। इसके साथ ही वह यह भी ऐलान कर चुके हैं कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उसके नेता मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, जो कभी नहीं होगा।
भगवा पार्टी के तीन बड़े नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
उधर, कर्नाटक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने दावा किया कि सर्वेक्षणों से संकेत मिला है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को कुल 224 सीटों में से 140 से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान है। वह भाजपा के दो पूर्व विधायकों और मैसूर के पूर्व महापौर को पार्टी में शामिल करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले तीन नेताओं में कोल्लेगला के पूर्व विधायक जी एन नंजुंदस्वामी और बीजापुर से पूर्व विधायक मनोहर ऐनापुर के साथ मैसूर के पूर्व महापौर पुरुषोत्तम शामिल हैं। शिवकुमार ने यह भी दावा किया कि भाजपा 2022 के गुजरात चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद कर्नाटक में चुनाव कराना चाहती थी, लेकिन अपने कदम से पीछे हट गई।
शिवकुमार ने कहा, पूर्व विधायक भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। आने वाले दिनों में हम उन मौजूदा विधायकों की सूची की भी घोषणा करेंगे जो शामिल होंगे; इस संबंध में विचार-विमर्श जारी है। मैं अभी किसी नाम का खुलासा नहीं करूंगा। उन्होंने कहा कि नेता बिना किसी शर्त के कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व को स्वीकार कर रहे हैं। जिला स्तर पर कई नेता पार्टी में शामिल हो रहे हैं, कुछ प्रमुख नेताओं को यहां शामिल किया जा रहा है। यह बहुत स्पष्ट है कि जनता की राय कांग्रेस के पक्ष में है।