Karnataka Congress complaint voter ID scam
- फोटो : ANI
कर्नाटक में कथित वोटर आईडी घोटाले को लेकर राज्य के कांग्रेस नेताओं ने आज बेंगलुरु स्थित राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई। इसमें राज्य के मंत्रियों व एक निजी संस्था पर धांधली का आरोप लगाया गया है।
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु स्थित राज्य निर्वाचन कार्यालय पहुंचा। उन्होंने मंत्रियों द्वारा वोटर आईडी संग्रहित करने को लेकर घोटाले का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार मतदाताओं का डाटा चुरा रही है। एक निजी संस्था के माध्यम से चुनावी धोखाधड़ी की जा रही है।
डीके शिवकुमार ने मंत्री सीएन अश्वथ नारायण और उनकी टीम पर सबसे बड़ी धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। उन पर वोटर आईडी डाटा का दुरुपयोग करने, धोखाधड़ी कर जानकारी एकत्र करने और लाखों वोटरों के नाम कट करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री बोम्मई के इस्तीफे व मामले की जांच कर्नाटक हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से कराने की मांग की।
जांच का सामना करने को तैयार : सीएम बोम्मई
उधर, सीएम बसवराज बोम्मई ने वोटर आईडी में धांधली के कांग्रेस के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कही यह बात
आरोपों के बीच कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार मीणा ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान एक गैर सरकारी संगठन पर लगे धांधली के आरोपों के जांच के आदेश दे दिए गए हैं। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिक (बीबीएमपी) आयुक्त के पास कुछ जानकारी थी। धांधली की आशंका जताई जा रही है और इसकी पूछताछ की जानी है। मीणा ने मतदाता डेटा चोरी के संबंध में राज्य चुनाव आयोग के साथ कांग्रेस द्वारा की गई शिकायत पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।