मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में नैतिकता का पतन स्पष्ट है। लोगों को कांग्रेस की उसकी सही जगह दिखानी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए पैसे और ताकत का इस्तेमाल करने आरोपों को लेकर बोम्मई ने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी है जो पैसा बांटती है।
बोम्मई ने कहा, 'जब आप चुनाव लड़ने के अपना उम्मीदवार चुनते समय पैसे को ध्यान में रखते हैं तो आप किस नैतिकता की बात करते हैं? आप (सिद्धारमैया) जब सत्ता में थे तब आपने ग्राम पंचायतों की ओर देखने की भी जहमत नहीं उठाई। एक लाख घर देने का आपका वादा अभी भी वादा ही है।'
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में भाजपा शासित सरकार ने शहरी इलाकों में एक लाख घर और ग्रामीण इलाकों में चार लाख घरों का निर्माण करने के लिए कदम उठाए हैं। यह काम अगले एक से डेढ़ साल के अंदर पूरा हो जाएगा। उन्होंने राज्य में आने वाले समय में निवेश की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
यह कहते हुए कि बेंगलुरु का संपूर्ण विकास तभी संभव है अगर इससे जुड़ी हुई ग्राम पंचायतों में अच्छा विकास हो, बोम्मई ने कहा कि इन गांवों को विकास की राह पर ले जाना हमारी सरकार का उद्देश्य है। बेंगलुरु के औद्योगीकरण से मिलने वाली राशि इन गांवों में विकास पर खर्च की जाएगी।