कर्नाटक की सियासत में लंबे समय से जारी उहापोह पर विराम लग गया जब पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष बनाने का एलान किया। पिता येदियुरप्पा ने बेटे का मुंह मीठा कराया और भावी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं
कर्नाटक भाजपा प्रमुख के रूप में नियुक्ति के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे बीवाई विजयेंद्र ने कहा, वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को कर्नाटक राज्य में पार्टी अध्यक्ष के रूप में काम करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देना चाहते हैं। उन्होंने पीएम मोदी का भी आभार प्रकट किया और कहा, आने वाले दिनों में कर्नाटक के तमाम भाजपा सांसद प्रधानमंत्री को मजबूत बनाने का काम करेंगे। कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा की प्रदेश इकाई की कमान संभालने वाले विजयेंद्र का कार्यकाल चुनौतियों से भरा रहेगा।
विज्ञापन
कर्नाटक में भाजपा की कमान कांटों भरा ताज?
इससे पहले बेटे के कर्नाटक भाजपा चीफ बनने के बाद कद्दावर कर्नाटक भाजपा नेता येदियुरप्पा ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। मुंह मीठा कराकर बधाई देने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बेटे को भावी सियासी चुनौतियों और कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। बता दें कि कुछ दिनों पहले येदियुरप्पा ने कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी अध्यक्ष चुनने में देरी को लेकर असंतोष प्रकट किया था। उन्होंने आलाकमान को इस मामले में पत्र भी लिखा था। ऐसे में कद्दावर भाजपाईयों की मौजूदगी को देखते हुए कहा जा सकता है कि विजयेंद्र के लिए आगामी कार्यकाल कांटों भरा ताज साबित हो सकता है।
प्रधानमंत्री को मजबूत करेंगे कर्नाटक के भाजपा सांसद
भाजपा के लिए अपनी नीति को लेकर बीवाई विजयेंद्र ने कहा उन्हें इस बात की खुशी है कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनके ऊपर भरोसा दिखाया है। उन्होंने कहा, पार्टी आलाकमान को अपना विश्वास दोहराने और मुझे पार्टी अध्यक्ष के रूप में काम करने की अनुमति देने के लिए वे धन्यवाद देना चाहते हैं। विजयेंद्र ने कहा, "मैं कर्नाटक में हमारे सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में यह जिम्मेदारी लेकर वास्तव में खुश हूं।" राजनीतिक लक्ष्य को लेकर उन्होंने कहा कि वे पार्टी के लिए अधिकतम सीटें जीतना सुनिश्चित करना चाहते हैं। उन्होंने अगले साल होने वाले लोक सभा चुनाव को लेकर कहा कि कर्नाटक से निर्वाचित होने वाले भाजपा सांसद पीएम मोदी को मजबूत करेंगे।