प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा के सहयोगियों के ठिकानों व वाड्रा के कार्यालय पर छापेमारी को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, 'यह किस तरह की सरकार है? यदि कानून प्रवर्तन एजेंसियां इस तरह से गुंडागर्दी शुरू कर देंगी तो उनसे सवाल कौन पूछेगा? यदि प्रधानमंत्री इनका सहयोग कर रहे हैं तो इस पर सवाल कौन पूछेगा? इस देश में कानून व्यवस्था कहां चली गई है?'
सिब्बल ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल को लेकर कहा कि सत्ताधारी लोग खासकर प्रधानमंत्री ये समझ रहे हैं कि एग्जिट पोल किस ओर इशारे कर रहे हैं कि वह इस बात से डरे हुए हैं। इस डर की वजह से विपक्ष के लोगों को आईटी व ईडी भेजकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने के स्थान पर उनसे यह पूछना चाहता हूं कि उनके राज में ऐसा क्यों हो रहा है?'