नारदा स्टिंग मामले की जांच कर रही सीबीआई ने बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस की महिला सांसद काकोली घोष दस्तीदार को समन भेजा है। एजेंसी ने इससे पहले पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी और सांसद सौगत राय को भी समन भेजा था। बीते साल जारी उक्त स्टिंग वीडियो में काकोली को भी नारदा न्यूज के सीईओ मैथ्यू सैमुएल से पैसे लेते हुए दिखाया गया था।
कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर इस मामले की जांच कर रही सीबीआई ने अचानक इस काम में तेजी लाते हुए तृणमूल के कई नेताओं और सांसदों को समन भेजा है। दूसरी ओर, मनी लॉन्ड्रिंग पहलू की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय ने भी पार्टी के कई मंत्रियों से पूछताछ की है।
उसने कोलकाता नगर निगम के मेयर शोभन चटर्जी को भी समन भेजा है। इस दोहरे हमले ने पार्टी प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए परेशानी पैदा कर दी है। वे पहले से ही कानून व व्यवस्था के मुद्दे पर कई तरह की दिक्कतों से जूझ रही हैं।