केरलम के कलामसेरी में हाल ही में एक महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। केरलम पुलिस ने अपराध में शामिल एक महिला समेत दो और लोगों को पकड़ा गया है। मामले पर एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि दो आरोपियों (अलाप्पुझा की रहने वाली सरन्या उर्फ अम्मू और त्रिशूर के रहने वाले संजू) को मंगलवार रात वायनाड से पकड़ा गया है। ये आरोपी यहीं छिपे हुए थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों को यहां लाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि यहां लाने और पूछताछ करने के बाद उनकी गिरफ्तारी दर्ज की जाएगी।
ये भी पढ़ें: 'मोदी-शाह की जोड़ी घबराई और हताश है': राहुल-प्रियंका पर एफआईआर दर्ज होने पर भड़की कांग्रेस, क्या लगाए आरोप?
पुलिस ने क्या कहा?
कोच्चि सिटी पुलिस कमिश्नर एस. कालीराज महेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि पीड़िता के बयान के मुताबिक हमले में सरन्या की भी मुख्य भूमिका थी। इसके पहले सोमवार को पुलिस ने बताया था कि यह अपराध दो अक्तूबर को हुआ था। इस दौरान हमले में चार लोग शामिल थे। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता का वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने दो आरोपियों, श्रीराज और जिथ मार्टिन, को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़िता ने घटना के बारे में अपने पार्टनर को बताया और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि जांच चल रही है और वे घटनाक्रम का पूरा ब्योरा पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: 'मिशन अपनों तक' का कमाल: ओडिया टैटू के जरिए 35 साल बाद मिला परिवार, पर क्यों अधूरा रहा प्रमिला का इंतजार?
कैसे सामने आया मामला?
बता दें कि मंगलवार को पीड़िता के पार्टनर ने महिला पर हुए भयानक हमले के बारे में चौंकाने वाले खुलासे किए थे। कोच्चि में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि एक नौकरी के सिलसिले में बाहर जाने के बाद पीड़िता बुरी तरह घायल हालत में और सूजे हुए चेहरे के साथ घर लौटी थी। पार्टनर ने आरोप लगाया कि एक महिला समेत चार लोगों ने उस पर हमला किया और बाद में कुछ और लोग कमरे में आ गए। पार्टनर ने बताया कि जब उसने बीयर की बोतल तोड़ी और हमला जारी रहने पर खुदकुशी करने की धमकी दी, तब जाकर हमलावर रुके।