जी20 शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) समारोह में आमंत्रित किया है। अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने इस बात का खुलासा किया है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति बाइडन को गणतंत्र दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया था। बता दें कि 2015 में बराक ओबामा भारत के गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति थे। इस साल के गणतंत्र दिवस परेड में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी मुख्य अतिथि थे।
इससे पहले अमेरिकी राजदूत गार्सेटी ने ‘भारत में इलेक्ट्रिक बस उतारने में तेजी लाने’ संबंधी विषय पर एक सत्र में भाग लेने के लिए यहां एक भारतीय इलेक्ट्रिक बस में सफर किया। उन्होंने कहा कि भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस दुनिया बदल सकती हैं। एक ऐसा भविष्य दे सकती हैं, जहां धरती रहने योग्य होगी।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए भारतीय इलेक्ट्रिक बस में बैठना बहुत रोमांचक था। हम जानते हैं कि इलेक्ट्रिक बस दुनिया को बदल सकती हैं। ये शांत, स्वच्छ हैं, वे हमारे कार्बन डाइ आक्साइड उत्सर्जन को कम करने में हमारी मदद करती हैं और हमें एक ऐसा भविष्य देती हैं जहां हमारा ग्रह रहने योग्य होगा। गार्सेटी ने कहा कि यह एक कारण है कि अमेरिका सरकार भारतीय शहरों की सड़कों पर अधिक इलेक्ट्रिक बस लाने के लिए भारत सरकार में हमारे दोस्तों के साथ काम कर रही है। इसलिए, हमने भारतीय सड़कों पर 10,000 इलेक्ट्रिक बस चलाने की पहल शुरू की है।
कनाडा-भारत विवाद पर गार्सेटी की टिप्पणी
भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने कनाडा-भारत विवाद में प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्रूडो के आरोपों को परेशान करने वाला बताया है। गार्सेटी ने कहा कि जाहिर है आरोपों से किसी को भी परेशानी हो सकती है। लेकिन हमें सुनिश्चित करना चाहिए कि इसकी जांच की जाए और आरोपियों को कटघरे में पेश किया जाए। संप्रभुता एक महत्वपूर्ण सिद्धांत है। जब तक जांच नहीं हो जाती और तथ्य सामने नहीं आ जाते तब तक हमें कोई टिप्पणी नहीं करना चाहिए।
जॉन किर्बी का बयान
भारत-कनाडा विवाद पर यूएस राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) के रणनीतिक संचार समन्वयक जॉन किर्बी ने बुधवार को कहा कि ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी आतंकवादी निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों के कथित रू से शामिल होने के आरोप बेहद गंभीर हैं। हम भारतीय अधिकारियों को किसी भी जांच में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।