Jamaican PM India Visit: जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस चार दिन की यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य व्यापार और निवेश सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है।
जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस चार दिन की यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य व्यापार और निवेश सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। यह भारत की उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंगलवार को उनकी कई मुद्दों पर व्यापक बातचीत होगी। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौते किए जाने की उम्मीद है। सोशल मीडिया पोस्ट में होलनेस ने कहा कि वह हमारे बीच होने वाली महत्वपूर्ण और प्रभावशाली चर्चाओं का उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं। हम सहयोग के नए क्षेत्रों का पता लगाएंगे और दोनों देशों के बीच दोस्ती के बंधन को और गहरा करेंगे। होलनेस बुधवार को वाराणसी भी जाएंगे।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने बताया था कि होलनेस, पीएम मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगे। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री होलनेस अन्य गणमान्य व्यक्तियों और व्यापार व उद्योग जगत की हस्तियो के साथ भी बातचीत करेंगे। मंत्रालय ने कहा था कि इस यात्रा के दौरान कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है, जो द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देंगे। भारत और जमैका के बीच मजबूत ऐतिहासिक और सांस्कृति संबंध हैं, जो उनकी साझा उपनिवेश के इतिहास, लोकतंत्र और आजादी के मूल्यों और क्रिकेट के प्रति जुनून में परिलक्षित होते हैं।