विदेश मंत्री एस जयशंकर (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से टोरंटो हमले में घायल भारतीय छात्रा के परिवार के लिए वीजा की व्यवस्था करने को कहा है। मीडिया की खबरों के अनुसार, एक 23 वर्षीय भारतीय छात्रा पर बृहस्पतिवार को टोरंटो में चाकू से हमला किया गया था।
विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने ट्वीट में कहा, कनाडा के टोरंटो में एक भारतीय छात्रा राचेल एल्बर्ट पर गंभीर हमले की जानकारी से काफी स्तब्ध हूं। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से उनके परिवार के लिए वीजा की व्यवस्था करने को कहा है। परिवार के सदस्य तत्काल +91 9873983884 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
बता दें कि भारतीय छात्रा के चाचा ने जयशंकर को टैग करते हुए ट्विटर पर मदद की अपील की थी। लड़की के चाचा रॉनल्ड ने लिखा, मेरी भतीजी रशेल पढ़ाई के लिए कनाडा गई थी। उस पर चाकू से वार किया गया और वह अस्पताल में भर्ती है... कृपया उसकी मदद करें।
उन्होंने स्थानीय मीडिया रिपोर्ट का लिंक भी दिया था। जिसके तुरंत बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से टोरंटो हमले में घायल भारतीय छात्रा के परिवार के लिए फौरन वीजा की व्यवस्था करने को कहा।
मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान विदेश मंत्री रहीं सुषमा स्वराज भी इसी तरह मुसीबत में फंसे भारतीयों की एक ट्वीट पर मदद करती थीं। वह अपने पूरे कार्यकाल में दुनियाभर में मौजूद भारतीयों की मदद के लिए काफी चर्चित रहीं।
एक बार सुषमा ने यहां तक कहा था कि यदि आप मंगल ग्रह पर भी फंस गए हैं तो वहां भारतीय दूतावास आपकी मदद करेगा।