कर्नाटक स्थित मंगलूरू हवाई अड्डे पर बम रखने के आरोपी आदित्य राव ने शुक्रवार को पुलिस जांच दल को वह जगह दिखाई जहां पर उसने 20 जनवरी को इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) रखा था। पुलिस ने बताया कि आदित्य राव ने जांच दल को उन स्थानों को दिखाया जहां से वह आया था, जहां से उसने हवाई अड्डे में प्रवेश किया था और बम रखने के बाद लौटा था।
उल्लेखनीय है कि राव ने 22 जनवरी को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था और अदालत ने मामले की जांच के लिए गुरुवार को उसे 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राव को अब चेन्नई ले जाया जाएगा जहां से उसने विस्फोटक और जिलेटिन डेटोनेटर प्राप्त किया था।
खबर है कि पूछताछ के दौरान राव ने बताया कि उसने बम चेन्नई में बनाया था। गौरतलब है कि हवाई अड्डे के निकास द्वार पर बने टिकट काउंटर के पास सोमवार को बैग में जिंदा बम मिला था, जिसे बाद में नजदीक के मैदान में निष्क्रिय कर दिया गया।