जी20 की डिजिटल बैठक में आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद
- फोटो : एएनआई
बुधवार को हुई जी20 देशों के मंत्रियों की डिजिटल बैठक में भारत के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी भाग लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने डाटा सुरक्षा और उसके महत्व पर बात की। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल इकोनॉमी और डाटा इकोनॉमी की बात करते हुए इनमें समन्वय पर भी जोर दिया।
सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस दौरान कहा, हम सबको यह समझने की जरूरत है कि डिजिटल इकोनॉमी को डाटा इकोनॉमी के साथ हाथ से हाथ मिलाकर चलना होगा। हमें डाटा की संप्रभुता को समझने की जरूरत है। डाटा को संबंधित संप्रभु देश के पास ही होना चाहिए जिससे वह अपने लोगों की निजता की हिफाजत कर सके।
प्रसाद ने कहा कि जहां तक सुरक्षा, रक्षा और गोपनीयता की बात है तो डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को संप्रभु देशों की चिंताओं के प्रति उत्तरदायी, जवाबदेह और संवेदनशील होना चाहिए। बता दें कि सीमा विवाद के बीच बीते दिनों डाटा सुरक्षा के मुद्दे पर भारत ने चीन के टिकटॉक और हेगो जैसे 59 लोकप्रिय मोबाइल एप्स पर प्रतिबंध लगा दिया था।