इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति और छात्रसंघ अध्यक्ष रिचा सिंह से जुड़ा विवाद संसद पहुंच गया है। जनता दल यूनाइटेड के सांसद केसी त्यागी ने मंगलवार को राज्यसभा में शून्य प्रहर के दौरान यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि रोहित के बलिदान और कन्हैया एपिसोड के बाद अब यह मामला आगे बढ़ रहा है। रिचा के खिलाफ दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए हैं।
त्यागी ने महिला के विरुद्ध अपराध, लैंगिक असंवेदनशीलता और वीसी के सत्तावादी रवैये पर बात रखी। जदयू सांसद ने बताया कि रिचा ने उनसे मुलाकात की है। उसने इस मुद्दे पर सभी सांसदों को पत्र लिखा है। इस पर संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि छात्र आंदोलन, छात्र स्वतंत्रता और छात्रों पर हमला नहीं होना चाहिए।
वह इस मसले को संबंधित मंत्री के संज्ञान में लाएंगे ताकि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किसी तरह का भेदभाव हुआ हो तो उचित कार्रवाई की जा सके।