विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने रविवार रात ईरान के विदेश मंत्री एच. अमीराब्दोल्लाहियन और इस्राइल के विदेश मंत्री इस्राइल काट्ज से बात की। रविवार शाम हुई बातचीत में ईरान-इस्राइल संघर्ष की वजह से बने हालात पर चर्चा की गई। इस दौरान ईरान द्वारा कब्जे में लिए गए जहाज पर मौजूद 17 भारतीयों की सुरक्षित वापसी पर भी चर्चा बात हुई।
विदेश मंत्री जयशंकर ने ट्वीट किया कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के विदेश मंत्री एच. अमीराब्दोल्लाहियन से आज शाम बात की। एमएससी एरीज के 17 भारतीय चालक दल के सदस्यों की रिहाई पर चर्चा की। क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर भी बात हुई। इस दौरान इस बात पर जोर दिया कि दोनों देश तनाव बढ़ाने से बचें, संयम बरतें और कूटनीति की ओर लौटें। वहीं, विदेश मंत्री ने इस्राइल के समकक्ष से भी बात करने के बाद ट्वीट किया कि इस्राइल के विदेश मंत्री इजराइल काट्ज के साथ बातचीत हुई। कल के घटनाक्रम पर बात की और चिंता व्यक्त की। हमने पूरे क्षेत्र के हालात पर विस्तार से बात की। हमारे बीच संपर्क में रहने पर सहमति बनी।
अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी
इससे पहले इस्राइल और ईरान में भारतीय दूतावासों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद अपने नागरिकों के लिए रविवार को एक नया परामर्श (नई एडाइजरी) जारी किया। इसमें लोगों से धैर्य बरतने और सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन करने की सलाह दी गई। इसी के साथ अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किए गए हैं।
ईरान ने इस्राइल पर 330 मिसाइलें दागीं
दरअसल, सीरिया की राजधानी दमिश्क स्थित ईरान के राजनयिक मिशन पर एक अप्रैल को इस्राइल ने एयर स्ट्राइल की थी। हमले में ईरान के दो शीर्ष कमांडरों की मौत हो गई थी। इसके जवाब में ईरान ने शनिवार देर रात इस्राइल पर 330 मिसाइलें दागीं। इस दौरान ड्रोन हमले भी किए गए।
भारत की एडवाइजरी में क्या?
भारतीय दूतावास ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट में कहा कि क्षेत्र में हाल की घटनाओं के मद्देनजर इस्राइल में सभी भारतीय नागरिकों को शांत रहने और स्थानीय प्राधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी जाती है। दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और वह हमारे सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस्राइली अधिकारियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के संपर्क में है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों से पहले से उपलब्ध एक लिंक के जरिए दूतावास के साथ पंजीकरण कराने को भी कहा है। दूतावास ने 24 घंटे काम करने वाले फोन नंबर +972-547520711, +972-543278392 व ईमेल cons1.telaviv@mea.gov.in जारी किए हैं। भारतीय नागरिक आपात स्थिति में इन फोन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
अतिरिक्त टेलीफोन लाइनें सक्रिय
कुछ घंटों बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि उसने अपने नागरिकों के लिए अतिरिक्त टेलीफोन लाइनें सक्रिय कर दी हैं। ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर सक्रिय किए गए हैं। किसी भी सहायता के लिए +989128109115; +989128109109; +989932179567; +989932179359; +98-21-88755103-5; नंबरों पर या cons.tehran@mea.gov.in इन पर संपर्क करें।