मंगलवार को विमान में नन्हे से बच्चे की दुखद मौत के बाद एयरलाइन ने संवेदना व्यक्त की है। एयरलाइन ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए बच्चे के माता-पिता और परिवार के प्रति शोक जताया।
कल इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया था। बंगलूरू से पटना जा रहे एक विमान में चार महीने के एक शिशु को सांस लेने में परेशानी महसूस हुई और उसे बचाने की सारी कोशिशें नाकाम साबित हुईं जब डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि शिशु अपने माता पिता के साथ इंडिगो के विमान में बंगलुरू से पटना का सफर कर रहा था। और अचानक उसकी तबियत बिगड़ने लगी। शिशु को सांस लेने में दिक्कत के बारे में मां ने चालक दल को जैसे ही बताया वैसे ही उड़ान 6 ई 897 के चालक दल हरकत में आ गया।
विमान में ही मौजूद एक डॉक्टर ने उड़ान के सदस्यों ने शिशु की देखभाल की। लेकिन कोई सुधार होता ना देख विमान को हैदराबाद ले जाने का फैसला किया गया और हवाई अड्डे पर फौरन एक एंबुलेंस और एक डॉक्टर मुहैया करने का अनुरोध किया था।
हवाईअड्डा सूत्रों ने बताया कि मेडिकल आवश्यकता को लेकर सुबह करीब साढ़े सात बजे विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ा गया। और लैंड करने के साथ ही इंडिगो के स्टाफ के साथ शिशु को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि शिशु ने हैदराबाद एयरपोर्ट पर ही दम तोड़ दिया था।
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर इंडिगो और एयरलाइन ने दुख जताया है। इससे पहले भी एक उड़ान के दैरान सांस लेने की समस्या एक यात्री को हुई थी जिसे एक डॉक्टर दम्पत्ती ने अपने सूझ-बूझ से बचा लिया था। इस मामले में चालक दल और डॉक्टर को सफलता नहीं मिली। बहरहाल पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।