चेन्नई के चिन्मय नगर-नेरकुंडम रोड पर शनिवार सुबह 62 वर्षिय एक उद्योगपति का प्लास्टिक की चादर में लिपटा हुआ शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम ने प्रारंभिक निरीक्षण के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह सफाई करने के लिए सफाईकर्मी नगर-नेरकुंडम रोड के पास पहुंचे थे। उसी दौरान चिन्मय नगर में कूम नदी पुल के पास उन्हें काले रंग की प्लास्टिक शीट में लिपटा शव दिखाई दिया। सफाईकर्मी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर से खून निकल रहा था। उद्योगपति के पैर और हाथ बंधे हुए थे और उनका मुंह कपड़े से बंधा हुआ था। शव के पास से एक कार भी खड़ी हुई थी।
पुलिस ने मृतक की पहचान आंबक्कम के 60 वर्षीय व्यवसायी भास्करन के रूप में की है। शुक्रवार को भास्करन सुबह अपने घर से निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर उनके बेटे कार्तिक ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन बंद आया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी किलपौक मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उद्योगपति के बेटे कार्तिक ने अपने पिता के घर न पहुंचने पर आदमबक्कम पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि भास्करन के एटीएम कार्ड से दो बार 10-10 हजार रुपये निकाले गए थे।