शंकर लालवानी की गाड़ी में सांसद इंदौर लिखा होने के कारण उनका चालान काटा गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
इंदौर से भाजपा सांसद शंकर लालवानी को अपनी गाड़ी के पीछे सांसद इंदौर लिखवाना और हूटर लगाना महंगा पड़ गया। खंडवा की ट्रैफिक पुलिस ने उन पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया है। सोमवार को भाजपा नेता लालवानी की गाड़ी खंडवा के बॉम्बे बाजार में खड़ी थी, जिस पर पीछे सांसद इंदौर लिखा हुआ था। ट्रैफिक पुलिस ने यह गाड़ी देखते ही सांसद महोदय के खिलाफ चालान काट दिया। उन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना लगाया गया है। खंडवा में 30 अक्तूबर को उपचुनाव होने हैं और लालवानी इसी सिलसिले में खंडवा पहुंचे हैं।
ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह परिहार ने बताया "हमने खंडवा के प्रमुख मार्केट बॉम्बे बाजार में एक वाहन खड़ा देखा, जिसमें हूटर लगा हुआ था और नंबर प्लेट में पीछे सांसद इंदौर लिखा हुआ था। नंबरप्लेट में ऐसी चीजें लिखवाना और गाड़ी हूटर लगाना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है।"