भारत और इंग्लैंड के बीच हाल ही मे हुई टेस्ट सीरीज के पांचवें मैच को कोरोना की वजह से रद्द कर दिया गया था। मैनचेस्टर में होने वाले मैच से पहले टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे थी। मुकाबला रद्द होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने दावा किया कि भारतीय टीम के मैच नहीं खेलने पर इसका विजेता इंग्लिश टीम ही है।
हालांकि, बाद में इस पर विवाद होने पर उन्हें अपना बयान वापस लेना पड़ा। बाद में कहा गया कि मैनचेस्टर टेस्ट का फैसला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के साथ मिलकर करेगी। अब तक इस पर कोई फैसला नहीं आया है, लेकिन टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा ने अपना फैसला सुना दिया है। उन्होंने कहा कि इस सीरीज का विजेता टीम इंडिया ही है।
मेरी नजर में हमने जीती सीरीज: रोहित
रोहित ने एक खेल सामग्री बनाने वाली कंपनी की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मुझे नहीं पता कि आधिकारिक रूप से क्या फैसला रहेगा, लेकिन हमने अच्छा प्रदर्शन किया और मेरी नजर में हमने 2-1 से सीरीज जीती है। हालांकि, अभी फाइनल नतीजा नहीं आया है। यह बीसीसीआई, आईसीसी और ईसीबी तय करेंगे। मुझे नहीं पता कि हम एक और टेस्ट खेलेंगे या सीरीज का फैसला चार मैचों के आधार पर होगा, लेकिन हम विजेता हैं।
कोरोना के कारण रद्द हुआ था मैनचेस्टर टेस्ट
मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भारतीय कोच रवि शास्त्री और सपोर्ट स्टाफ के तीन अन्य सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट को खेलने से इनकार कर दिया था। इसी वजह से मैच को रद्द करना पड़ा था।
रोहित के लिए शानदार रहा था इंग्लैंड दौरा
रोहित ने इंग्लैंड दौरे पर चार टेस्ट में 52 से ज्यादा की औसत से 368 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल है। रोहित ने चौथे टेस्ट में शतक लगाया था और यह इंग्लिश जमीन पर उनका पहला शतक था।