कोविड-19 की वजह से पटरी पर थमीं ट्रेनों के वापस लौटने के बाद अब स्टेशनों के विश्राम कक्ष (रिटायरिंग रूम) खोलने की तैयारी रेलवे ने शुरू कर दी है। रेल मंत्रालय ने रिटायरिंग रूम खोलने के लिए सभी जोन को अनुमति दे दी है।
कोविड-19 प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए स्थानीय स्थिति का आंकलन कर स्टेशन पर स्थित विश्रामालय को खोला जाएगा। लॉकडाउन की घोषणा के बाद यात्रियों के लिए इस सुविधा को बंद कर दिया गया था।
रेल मंत्रालय ने सरकार द्वारा जारी कोविड प्रोटोकॉल सहित स्थानीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर रिटायरिंग रूमों को फिर से खोलने के निर्देश दे दिए हैं। इसके पूर्व रेलवे बोर्ड रेल यात्री निवास व होटल के संचालन की अनुमति दे चुका है।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विश्रामालय को खोलने की अनुमति दी है। लॉकडाउन की घोषणा के बाद तो कई लोग इस विश्रामालय में ही फंस भी गए थे। बड़ी मुश्किल से उन्हें गंतव्य तक भेजा गया था।
रिटायरिंग रूम खुलने से जहां यात्रियों को राहत मिलेगी वहीं पर्यटन उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। यात्री कम कीमत में इस रूम में गंतव्य स्टेशन पर ठहर सकेंगे। डोरमेट्री खुल जाने से किफायती कीमत पर यात्री रात गुजार सकेंगे।