भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को गुजरात के पोरबंदर शहर में डोर्नियर गश्ती विमानों की छठी स्क्वाड्रन को शामिल कर लिया। पाकिस्तान से लगती सीमा के करीब बेहद अहम सामरिक स्थिति वाले इस क्षेत्र में इन विमानों की तैनाती से तटीय सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी। इस स्क्वाड्रन की तैनाती के बाद अब भारतीय नौसेना यहां के समुद्री क्षेत्र में पाकिस्तान की छोटी से छोटी गतिविधि पर आसानी से नजर रख सकेगी।
नौसेना के मुताबिक, स्क्वाड्रन में शामिल किए गए मल्टी-रोल एसआरएमआर (कम दूरी के समुद्री टोही) विमान हैं। दोहरे टर्बोप्रॉप इंजन के साथ संचालित इन विमानों का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) की कानपुर इकाई में किया गया है।
नेवी ने ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत एचएएल को 12 डोर्नियर विमानों की खरीद का ऑर्डर दिया था, जिनमें से चार विमानों की यह पहली खेप पहुंच गई है। अभी 8 ऐसे विमान और नेवी को दिए जाएंगे। इन विमानों में अत्याधुनिक सेंसर व उपकरण लगाए गए हैं, जिनमें ग्लास कॉकपिट, एडवांस सर्विलांस राडार, ऑप्टिकल सेंसर और नेटवर्किंग से जुड़े एडवांस फीचर शामिल हैं।