देश के कई राज्यों में बीते कुछ दिनों से आम जनता को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ा है। हालांकि, एक मई की देर रात को मौसम ने अचानक करवट ली। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ जबरदस्त बारिश भी हुई। आलम यह रहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स को उड़ान भरने से रोका गया।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड से लेकर छत्तीसगढ़ तक में आंधी-बारिश दर्ज की गई। अचानक मौसम बदलने का असर यह रहा कि इससे राजधानी दिल्ली समेत कई शहरों में जलजमाव की स्थिति बन गई। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तो फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित रहा। इसके अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बदले मौसम के बीच बिजली और पेड़ गिरने की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई। इनमें यूपी-दिल्ली में 4-4 और छत्तीसगढ़ में दो की मौत की बात सामने आई है।
मौसम के इस अचानक बदले तेवर के बाद यह जानना जरूरी है कि मई के दौरान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान झेलने वाले दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में अचानक पारा नीचे कैसे आ गया है? आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में क्या हाल रहने वाले हैं? इसके अलावा भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम को लेकर क्या अनुमान है? आइये जानते हैं...