रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की अगले महीने प्रस्तावित भारत यात्रा से पहले रक्षा मंत्रालय ने रूस के साथ 5 हजार करोड़ रुपये के एके-203 असॉल्ट राइफल सौदे को मंजूरी दे दी है। इस सौदे के तहत साढ़े सात लाख राइफलों का उत्पादन उत्तर प्रदेश के अमेठी की एक फैक्टरी में होगा। एके 203 राइफल सौदे पर पुतिन के दौरे के समय हस्ताक्षर होने हैं। रक्षा अधिग्रहण परिषद ने मंगलवार को इस सौदे को मंजूरी दी है।
विज्ञापन
तकनीक हस्तांतरण को लेकर था रोड़ा
सौदे पर कुछ साल पहले दोनों पक्षों में सहमति बनी थी लेकिन इस सौदे में तकनीक के हस्तांतरण को लेकर अब तक रोड़ा अटका था। सौदे की शर्तों के अनुसार साढ़े सात लाख राइफलों में से शुरुआती 70 हजार में रूसी कलपुर्जों का इस्तेमाल होगा क्योंकि तकनीक का हस्तांतरण धीमी गति से होगा। एक बार उत्पादन प्रक्रिया शुरू होने के 32 महीने बाद सेना को इनकी आपूर्ति शुरू हो जाएगी।