देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में लगातार गिरावट जारी थी लेकिन बुधवार को सामने आए मामलों ने इस गिरावट पर रोक लगा दी है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में नौ हजार मामलों की बढ़ोतरी हुई। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 43 हजार से ज्यादा मामले सामने आए।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक दिन में कोविड-19 के 43,733 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,06,63,665 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी कम होकर 4,59,920 हो गई है।
राष्ट्रीय दर 97.18 फीसदी हुई
इसके अलावा देश में पिछले 24 घंटे में 930 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,04,211 हो गई। उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 4,59,920 हो गई, जो कुल मामलों का 1.50 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.18 प्रतिशत है।
आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 42,33,32,097 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 19,07,216 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई। देश में नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.29 प्रतिशत है। यह पिछले 16 दिनों से लगातार तीन प्रतिशत से कम है।