भारत ने पाकिस्तान के उन आरोपों को जोरदार तरीके से खंडन किया है, जिसमें उसने भारतीय सेना पर कश्मीर में नागरिकों के खिलाफ रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने आरोपों को दुर्भावना से ग्रसित और गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि पाकिस्तान की ओर से ऐसे आरोप लगाना कोई नई बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद जैसे मुद्दे से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान हटाने के लिए पड़ोसी देश आए दिन बेबुनियाद आरोप लगाता रहता है। उन्होंने कहा कि भारत ने कहीं भी और कभी भी रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया है। इससे पहले पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद फैसल ने बृहस्पतिवार को कहा था कि भारत कश्मीर में रासायनिक हथियारों का प्रयोग कर रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है।