देश में लगातार कोरोना टीकाकरण अभियान जारी है, जिसके तहत लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इस बीच टीकाकरण को लेकर एक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अच्छी खबर की जानकारी दी है। दरअसल, कोविड-19 टीकों की सर्वाधिक खुराक लगाने वाले देशों की सूची में भारत तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। इस सूची में अमेरिका और ब्रिटेन क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर हैं।
मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि देशभर में कोविड-19 टीकाकरण के तहत सात फरवरी सुबह आठ बजे तक कुल 57.75 लाख लोगों को टीका लगाया गया। इनमें से 53,04,546 स्वास्थ्य सेवा कर्मियों और वायरस से लड़ने के लिए अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले 4,70,776 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। भारत के 12 राज्यों में दो-दो लाख से अधिक लाभार्थियों को टीका लगाया जा चुका है। अकेले उत्तर प्रदेश में 6,73,542 लोगों को टीका लगाया गया है।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो इस बीच 8,875 सत्रों में 3,58,473 लाभार्थियों को टीका लगाया गया। अब तक कुल 1,15,178 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘‘टीका लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या हर रोज बढ़ रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में दैनिक मृतक संख्या 80 से कम रही, जो पिछले नौ महीने में सबसे कम है। इसके अलावा देश में कोविड-19 के 1.48 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है जो कुल संक्रमितों का 1.37 प्रतिशत है। देश में संक्रमण के बाद ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1.05 करोड़ हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 12,059 नए मामले सामने आए और 11,805 लोग स्वस्थ हुए।
मंत्रालय ने जानकारी दी है कि संक्रमण के बाद ठीक होने के 81.07 प्रतिशत नए मामले छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में सामने आए। वहीं, केरल में एक दिन में सर्वाधिक 6,178 नए मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 1,739 लोग स्वस्थ हुए और इसके बाद तमिलनाडु में 503 लोग ठीक हुए।
इसके अलावा संक्रमण के 84.83 प्रतिशत दैनिक नए मामले छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में सामने आए हैं। केरल में संक्रमण के सर्वाधिक 5,942 नए मामले सामने आए। इसके बाद महाराष्ट्र में 2,768 और कर्नाटक में 531 नए मामले सामने आए।