केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में अब सक्रिय केस 1,14,475 हो गए हैं। दैनिक संक्रमण दर घटकर 2.90 फीसदी हो गई है। सोमवार की तुलना में नए मामलों में तीव्र गिरावट आई है। सोमवार को बीते 24 घंटे में 16,135 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे, जबकि मंगलवार को 13,085 नए संक्रमित पाए गए। बीते कुछ दिनों में कोरोना केस में घट बढ़ का सिलसिला जारी है। रविवार को 16,103 नए केस मिले थे, जबकि शनिवार को 17,092 और शुक्रवार को 17,070 संक्रमित मिले थे।
देश में मिला नया वैरिएंट बीए.2.75 मिला, घबराने की जरूरत नहीं
इस बीच, देश में अब कोरोना वायरस के नए वैरिएंट बीए.2.75 की पहचान हुई है़ लेकिन वैज्ञानिक इसके साथ दूसरे वैरिएंट को लेकर अधिक चिंतित हैं जो अलग-अलग राज्यों में दिखाई दे रहे हैं। ये वैरिएंट वायरस की स्पाइक प्रोटीन संरचना में नौ तरह के बदलाव कर चुके हैं, जिनमें कुछ डेल्टा की तरह इम्युनिटी कम करने की क्षमता रखते हैं। हालांकि वैज्ञानिकों का साफतौर पर कहना है कि अभी घबराने की जरूरत नहीं है। इसके कारण मृत्युदर या फिर अस्पतालों में भर्ती होने की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।