संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा और राज्यसभा से कुल 146 सांसदों के निलंबन के बाद विपक्षी गठबंधन 'INDIA' ने शुक्रवार को धरना दिया। जंतर-मंतर पर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद हैं।
#WATCH | Congress President Mallikarjun Kharge and NCP chief Sharad Pawar and leaders of INDIA parties take part in 'Save Democracy' protest against mass suspension of MPs, at Jantar Mantar in Delhi pic.twitter.com/nxslPhTB1V
विपक्ष ने भरी हुंकार
आप सांसद भी आज इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन में
जानकारी के मुताबिक, एनडी गुप्ता, संदीप पाठक, संत बलबीर सीसेवाल और संजीव अरोड़ा समेत आप सांसद भी आज इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इससे पहले शशि थरूर ने कहा कि हमारे देश में संसदीय लोकतंत्र को बर्बाद किया जा रहा है। यह सरकार इसमें कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। दरअसल, कांग्रेस नेता विपक्षी सांसदों के निलंबन के विरोध में संसद भवन से विजय चौक तक निकाले गए मार्च का हिस्सा थे।
थरूर ने कही यह बात
थरूर ने कहा कि हमारा संदेश बहुत सरल और स्पष्ट है। हम संसदीय लोकतंत्र में ऐसी स्थिति देख रहे हैं जिसमें सरकार अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से नहीं ले रही है, जबकि उसकी जिम्मेदारी संसद चलाने की है। केंद्र ने संसदीय लोकतंत्र की परंपरा का सम्मान करने में कोई इच्छा नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि एक बड़ा मामला हुआ। संसद की सुरक्षा में सेंध लगाई गई। गृह मंत्री के रूप में अपने कर्तव्य का निर्वहन करने के बजाय अमित शाह न केवल सदन से अनुपस्थित रहे, बल्कि सदन की बजाय बाहर जाकर मीडिया में बयान दे रहे हैं।
पवार के आवास पर पहुंचे राहुल
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर चर्चा की। जंतर-मंतर पर संयुक्त विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद गांधी पवार के साथ उनके 6, जनपथ स्थित आवास पर गए।
दोनों नेताओं के बीच कुछ समय के लिए बातचीत हुई और पता चला कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र विकास अघाड़ी के सहयोगियों शिव सेना (यूबीटी), कांग्रेस और राकांपा के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा की। पवार विपक्षी गठबंधन में वाम दलों, पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी और वंचित बहुजन अघाड़ी जैसे छोटे दलों को शामिल करना चाहते हैं क्योंकि राज्य में कुछ क्षेत्रों में उनका प्रभाव है। राकांपा के दिग्गज नेता महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को जल्द अंतिम रूप देने के भी इच्छुक हैं ताकि लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए गठबंधन की संयुक्त रैलियां आयोजित की जा सकें।
क्या है मामला?
शीतकालीन सत्र के दौरान दोनों सदनों के 146 सांसदों को अमर्यादित व्यवहार के लिए निलंबित कर दिया गया था। इनमें लोकसभा के 100 और राज्यसभा के 46 विपक्षी सांसद शामिल थे। दरअसल, विपक्ष संसद की सुरक्षा में सेंध के मामले में चर्चा और गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहा था। इससे पहले संसद पर 2001 में हुए आतंकी हमले की बरसी पर सुरक्षा में बड़ी चूक की घटना सामने आई। दरअसल, शून्यकाल के दौरान दो लोग दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में कूद गए थे। उन्होंने कैन से पीला धुआं छोड़ा और नारेबाजी भी की थी।