दिल्ली-एनसीआर की प्रदूषित हवा में सुधरकर साफ हो सकती है। बशर्ते तेज बारिश हो। यह कहना है भारतीय मौसम विभाग दिल्ली के कुलदीप श्रीवास्तव का। श्रीवास्तव ने गुरुवार को मीडिया से कहा कि तेज बारिश दिल्ली-एनसीआर की हवा साफ कर सकती है, लेकिन हल्की बारिश या बूंदाबांदी से इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में सुधार केवल भारी बारिश होने की स्थिति में ही देखने को मिलेगा। हल्की बारिश और बूंदा-बांदी हवा की गुणवत्ता को बेहतर नहीं बनाएगी।
इस बीच गुरुवार दोपहर दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से जारी तस्वीरों में अंबेडकर नगर में बारिश का नजारा देखा जा सकता है।
दक्षिण भारत में कई दिन खतरा बनकर बैठा चक्रवाती तूफान 'महा' अब कमजोर हो गया है, लेकिन एक दूसरा खतरा खड़ा हो गया है। दरअसल, बंगाल की खाड़ी से एक और तूफान आ रहा है, जिसे वैज्ञानिकों ने 'बुलबुल' का नाम दिया है।
मौसम विभाग ने 'महा' के कारण सात नवंबर को गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इन दोनों तूफानों में वायु प्रदूषण कम करने में मदद की संभावना है, जिसका उत्तर भारत से पूर्व और मध्य भारत के कुछ हिस्सों तक फैलाव है।