बंगाल टाइगर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Pixabay
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक नदी में चट्टानों के बीच फंसे जख्मी बाघ की मौत हो गयी। वन अधिकारी ने बताया कि बाघ को बुधवार को यहां से करीब 27 किमी दूर स्थित कुनाड़ा गांव के पास सिरसा नदी में चट्टानों के बीच फंसा पाया गया था। ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि 35 फीट ऊंचे पुल से कूदने के कारण बाघ की रीढ़ की हड्डी में चोट लग गई।
उन्होंने बताया कि बाघ को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन बाघ पास रखे पिंजरे में घुसने में असफल रहा। पिंजरे को खींचने के प्रयास में बाघ के दातों में भी चोट आई। चंद्रपुर क्षेत्र के मुख्य वन संरक्षक एस वी रामाराव ने कहा कि गुरुवार को बाघ मृत पाया गया। बाघ ने सुबह तक कोई गतिविधि नहीं दिखायी। बाद में उसके शव को पानी से बाहर निकाला गया। मौत का सही कारण शव परीक्षण के बाद पता चलेगा।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जंगली जानवर का शिकार करने के बाद बाघ इस नदी में कूदकर आराम करने के लिए आया, जहां इन चट्टानों के बीच उसे चोट लग गयी। बुधवार को सूचना मिलने पर वन अधिकारी बचाव के लिए गए, लेकिन कम रोशनी के कारण बचाव अभियान रोकना पड़ा।