केरल के कई जिलों में एक बार फिर भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। राज्य के राजस्व मंत्री के राजन ने कहा कि मौसम विभाग ने छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ये जिले हैं- तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पतनमिथिट्टा, अलापुझा, कोट्टायम और इडुक्की।
लोगों को कैंपों में शिफ्ट किया
उन्होंने कहा कि बाढ़ की आशंका के मद्देनजर लोगों को इडुक्की में मुलापेरियार डैम के 27 किमी इलाके से दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। छह कैंपों में 339 लोगों को शिफ्ट किया गया है।
42 लोगों की गई थी जान
राज्य के दक्षिण-मध्य जिलों में हाल ही में अचानक आई बाढ़ और विनाशकारी भूस्खलन में कुल 42 लोगों की जान चली गई थी और 217 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए थे। मुख्यमंत्री पिनाराई ने सदन को इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि बाढ़ पीड़ितों के लिये 304 पुनर्वास शिविर खोले गए।