आईएमडी ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से तेज दक्षिण-पश्चिमी या दक्षिणी हवाओं के प्रभाव के चलते, बुधवार (11 अगस्त) से इन क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। इसके परिणामस्वरूप 11 से 13 अगस्त के दौरान असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। अगले पांच दिनों के दौरान उत्तराखंड में और 12-13 अगस्त को हिमाचल प्रदेश में वर्षा होने की संभावना है।
विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के साथ-साथ झारखंड में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि 10 से 13 अगस्त के दौरान झारखंड में और 11 से 13 अगस्त के दौरान पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्र में भारी बारिश होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार उत्तराखंड, बिहार और अरुणाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों और हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर सोमवार को बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हुई। मॉनसून का पूर्वी छोर हिमालय की तलहटी के करीब जारी है, जबकि पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर है।