चेन्नई के मरीना एयर फील्ड में हुए एयर शो के दौरान भारी भीड़ उमड़ी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एयर शो के दौरान दम घुटने से पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि 100 से ज्यादा लोगों की गर्मी के चलते तबीयत बिगड़ गई। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति की मौत हीट स्ट्रोक के चलते हुई है।
एयर शो के दौरान हुई अव्यवस्था को लेकर AIADMK के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि भारतीय वायु सेना के 92वीं वर्षगांठ पर चेन्नई में एयर शो का आयोजन किया गया था। इसके लिए पहले ही अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई थी। तमिलनाडु सरकार ने बताया था कि एयर शो को देखने लाखों लोग आएंगे इसलिए परिवहन और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मगर कार्यक्रम में प्रशासनिक व्यवस्था और यातायात को ठीक से प्रबंधित नहीं किया गया। पुलिस बल भी अपर्याप्त था।
उन्होंने लिखा कि लोग भारी ट्रैफिक में फंसे हुए हैं। पीने का पानी भी उपलब्ध नहीं है। वहीं लू लगने के कारण कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि एयर शो में पांच लोगों की मौत हो गई है। इससे मुझे दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। महत्वपूर्ण आयोजन में भी उचित समन्वय स्थापित करने में विफल रहने के लिए मैं DMK सरकार की कड़ी निंदा करता हूं। वायु सेना के भारत के विभिन्न शहरों में अब तक कार्यक्रम अच्छे चल रहे हैं, लेकिन तमिलनाडु में हुई घटना में जान-माल की हानि बहुत दुखद है। इस आयोजन के लिए उचित सुरक्षा प्रदान करने में विफल रहने के लिए एमके स्टालिन सरकार की मैं कड़ी निंदा करता हूं।