ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (आसू) के नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन से बचने के लिए असम के वित्त मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक कार्यक्रम में पहुंचने के लिए पांच किलोमीटर की दूरी तय करने को हेलिकॉप्टर की सवारी की। सरमा को दिवंगत भाजपा विधायक राजेन बोर्थाकुर को श्रद्धांजलि देने जाना था।
सरमा शनिवार को गुवाहाटी से तेजपुर हेलिकॉप्टर से आए थे लेकिन ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (आसू) के आंदोलन के चलते सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल घोरामरी नहीं जा सके। प्रदर्शनकारियों ने तेजपुर और घोरामरी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-15 को अवरुद्ध कर दिया था।
इसके चलते सरमा ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए हेलिकॉप्टर की मदद ली।ऑल असम स्टूडेंट यूनियन (आसू) के मुख्य सलाहकार समुज्जल कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा और इसके सहयोगी दल असम गण परिषद(अगप) नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और मार्ग अवरुद्ध करने की कार्रवाई पूरे राज्य में तब तक जारी रहेगी जब तक नागरिकता कानून को वापस नहीं लिया जाता है।