हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 9 नवंबर को होने जा रहे हैं, भाजपा अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान शनिवार शाम को कर सकती है। विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज शनिवार शाम 6:30 बजे पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई है। जिसमें चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।
बिहार के दौरे पर गए पीएम मोदी भी देर शाम दिल्ली लौट आएंगे। वे भी इस बैठक में शामिल होंगे। उनके बिहार के दौरे के मद्देनजर ही शाह ने चुनाव समिति की बैठक शाम को बुलाई है। उम्मीद जताई जा रही है कि हिमाचल के लिए करीब 50 से ज्यादा उम्मीदवारों के नाम का भाजपा आज ऐलान कर देगी।
मुख्यमंत्री उम्मीदवार पर अब भी असमंजस
हिमाचल विधानसभा चुनाव की तिथियों के ऐलान के बावजूद भी भाजपा ने हिमाचल प्रदेश के लिए अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरे को लेकर पार्टी में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सूत्र बताते हैं कि भाजपा नेतृत्व की मंशा प्रदेश के सभी नेताओं को मुख्यमंत्री पद का लॉली पॉप देकर चुनाव में उतारने की है।
पढ़ें: हिमाचल विस चुनाव: ताउम्र रहे धुर विरोधी, अब एक धुरी पर लौटे
उत्तराखंड में बिना चेहरा आगे कर सफलता की मिसाल पार्टी नेतृत्व के सामने है। यही वजह है कि भाजपा आलाकमान हिमाचल प्रदेश में भी मुख्यमंत्री का चेहरा सामने किए बगैर ही मैदान में उतरने के मूड में है।