राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
- फोटो : पीटीआई
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि भारत कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट का सामना करने के लिए तैयार है। अगले दो महीनों में टीका उत्पादन की क्षमता 45 करोड़ खुराक प्रति माह होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि किसी भी संकट से निपटने के लिए दवाओं और ऑक्सीजन का बफर स्टॉक किया गया है और राज्यों को 48 हजार वेंटिलेटर वितरित किए गए हैं।
देश में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए मंडाविया ने बताया कि देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 88 फीसदी पात्र आबादी को टीके की पहली और 59 फीसदी को दोनों खुराकें लगाई जा चुकी हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश में अब तक इससे संक्रमण के 161 मामलों की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र इससे निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।