राजद नेता मीसा भारती के पीएम मोदी पर बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि राजद के नाम भ्रष्टाचार के नाम पर एक बड़ी उपलब्धि है, वो है चारा घोटाला। राजद ने कागज पर सड़कें बना दी और उसे कभी जमीन पर लागू नहीं किया।
लोकसभा चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई हैं। राजद नेता मीसा भारती की पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद से वे भाजपा के निशाना पर है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि जब हम सत्ता में आगे तो पहले उनसे पूछा जाना चाहिए कि वे क्या सोचते हैं। राजद के नाम भ्रष्टाचार के नाम पर एक बड़ी उपलब्धि है, वो है चारा घोटाला। राजद ने कागज पर सड़कें बना दी और उसे कभी जमीन पर लागू नहीं किया।
विज्ञापन
भर्ती घोटाले के कारण केंद्रीय एजेंसियों को जाना पड़ा- पुरी
इस बीच, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के बयान पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि भर्ती घोटाले के कारण केंद्रीय एजेंसियों को जाना पड़ा, उन्होंने कहा कि उदाहरण के लिए यदि 500 आवेदक है, तो एक मेरिट सूची बनाई जाती है और योग्यता के आधार पर कुछ का नाम 2 और 3 स्थान पर था, लेकिन उन्हें छोड़कर 326वें स्थान पर रहने वाले व्यक्ति से पैसा लिया और काम किया, इसलिए वह दूसरे स्थान पर आ गया था। जिसके बाद अन्य ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और फिर अदालत ने मामले पर निर्देश दिए हैं।
'जिनका पिता घोटाले का दोषी हो उन्हें बयान नहीं देना चाहिए'
दूसरी ओर, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने मीसा भारती की टिप्पणी पर कहा कि मीसा भारती को क्या हुआ। जिसका पिता चारा घोटाले में दोषी ठहराया गया है, उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। आपका परिवार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबा हुआ है। आपको सपने देखना बंद कर देना चाहिए।
विज्ञापन
यह है मामला
परिवारवाद का जिक्र करते हुए मीसा भारती ने कहा था, 'प्रधानमंत्री जमुई आए लेकिन परिवारवाद पर कुछ नहीं बोले। जब दामाद के लिए वोट मांगने आए तो कुछ नहीं बोला। मेरे परिवार पर यह लोग आरोप लगा रहे हैं, जमीन के बदले इन्होंने नौकरी दी। भाजपा ईडी, सीबीआई से रेड करवा कर 'चंदा दो और काम लो' जैसा काम करवा रही है। आप लोग इलेक्ट्रॉल बॉन्ड पर क्यों नहीं जवाब दे रहे हैं। इंडी गठबंधन सरकार बनती है तो पीएम से लेकर भाजपा के सभी नेता जेल के अंदर होंगे।' मीसा भारती ने कहा था कि इस बार पाटलिपुत्र की जनता नहीं चुकेगी। इन्होंने दो बार जनता ने भाजपा को मौका देकर सबकुछ देख लिया।