Gujarat Game Zone Blaze: राजकोट नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी और उप मुख्य वित्त अधिकारी को 25 मई को एक गेम जोन में लगी भीषण आग के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। इल सिलसिले में अब तक 15 लोगों की गिरफ्तार हो चुकी है।
गुजरात के राजकोट नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) और उप मुख्य वित्त अधिकारी (डिप्टी सीएफओ) को 25 मई को एक गेम जोन में लगी भीषण आग के सिलसिले में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। इस हादसे में बच्चों सहित 27 लोगों की मौत हो गई थी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
अब तक 15 लोगों की गिरफ्तारी
अधिकारी ने बताया कि सीएफओ इलेश शेखर और डिप्टी सीएफओ भीखा ठेबा के साथ-साथ टीआरपी गेम जोन में चल रहे निर्माण कार्य के सुपरवाइजर महेश राठौड़ को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि ठेबा भ्रष्टाचार के एक मामले में पहले से ही जेल में है। स्थानांतरण वारंट के जरिए उसकी हिरासत ली गई है। इसके साथ ही अग्निकांड के सिलसिले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कंपनी स उचित पूछताछ न करने का आरोप
पुलिस ने एक बयान में कहा कि पिछले साल चार सितंबर को टीआरपी गेम जोन में वेल्डिंग के काम के दौरान इसी तरह की आग लगी थी। शेखर पर आरोप है कि उन्होंने कंपनी से यह पूछताछ नहीं की कि उसके पास वैध अग्नि एनओसी प्रमाण पत्र के साथ-साथ उचित अग्निशमन उपकरण थे या नहीं। वहीं, महेश राठौड़ को अपने काम में लापरवाही और वेल्डिकाम के दौरान उचित सुरक्षा सुनिश्चित न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
नगर नियोजन अधिकारी की पहले हो चुकी गिरफ्तारी
पहले गिरफ्तार किए गए लोगों में नगर निगम के नगर नियोजन अधिकारी एमडी सगाथिया भी शामिल हैं। जो अभी निलंबित हैं। वह आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी आरोपी हैं। जिसकी जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कर रहा है।
विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया मुकदमा
इन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, दूसरों के जीवन या निजी सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से गंभीर चोट पहुंचने, जालसाजी, आपराधिक साजिश सहित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में पाया गया है कि राजकोट नगर निगम के अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना खेल चल रहा था।