गुजरात में पुलिस थाने के भीतर मोटरसाइकिल चोरी के एक आरोपी की कथित तौर पर पिटाई करने और वीडियो शूट करने का मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में आरोपी चार लोगों को चोट पहुंचाने और गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने के साथ-साथ अन्य अपराधों के लिए गिरफ्तार किया है।
गुजरात के अरवल्ली जिले में एक पुलिस थाने के भीतर मोटरसाइकिल चोरी के एक आरोपी की कथित तौर पर पिटाई करने और वीडियो शूट करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में पुलिस ने रविवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले के बारे में बताते हुए पुलिस अधीक्षक संजय ने कहा कि घटना के संबंध में कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन
क्या है मामला
पुलिस अधीक्षक संजय ने बताया कि मामला 19 अगस्त शुक्रवार का है। यहां सथांबा पुलिस स्टेशन एरिया में एक व्यक्ति को कथित तौर पर मोटरसाइकिल चोरी करने के आरोप में लोगों ने पकड़ा था। इसके बाद भीड़ उसे लेकर सथांबा पुलिस स्टेशन आई। वहां पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जानकारी देने के बाद भीड़ के ज्यादातर लोग तो चले गए,लेकिन छह लोग वहीं रुक गए। उन लोगों ने कहा कि वे आरोपी को जानते हैं और उसे पानी देना चाहते हैं।
कान खींचे, थप्पड़ मारा और बना लिया वीडियो
एसपी ने बताया कि उन लोगों में से एक ने पुलिस स्टेशन के भीतर आरोपी को पानी की पेशकश करते हुए उसकी पिटाई की और उसके कान भी खींचे, वहीं एक अन्य ने इस घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में शूट किया था। इसके बाद उन लोगों ने इस वीडियो को वायरल कर दिया। इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय दंड संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और गुजरात पुलिस अधिनियम के प्रावधानों के तहत इन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
विज्ञापन
एसपी ने बताया कि आरोपियों पर उस व्यक्ति के साथ मारपीट करने, थाने के प्रतिबंधित इलाके में वीडियो रिकॉर्ड करने और गलतफहमी पैदा करने के लिए क्लिप प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में चार लोगों को स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने के साथ-साथ अन्य अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया है।
की जाएगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी व्यक्ति को एक अन्य पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है, जहां मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित थाने के अधिकारी और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रिपोर्ट मिलने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।