गुजरात की राजधानी गांधीनगर में एक सफाई कर्मचारी को कथित तौर पर गटर लाइन साफ करने के लिए मैनहोल में घुसाने के आरोप में एक कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि सड़क एवं भवन विभाग के एक अधिकारी द्वारा मामले को पुलिस के संज्ञान में लाए जाने के बाद कार्रवाई की गई।
सेक्टर 7 थाना के निरीक्षक डीए चौधरी ने कहा कि आरोपी पार्थिल लाठिया के खिलाफ भरूच के अनुसूचित जाति कर्मचारी अमरसिंह वसावा को एक चोक ड्रेनेज लाइन को साफ करने के लिए एक मैनहोल में प्रवेश कराने के लिए मामला दर्ज किया गया था। इससे वसावा का जीवन खतरे में पड़ गया ।
उन्होंने कहा कि आरोपी पर मानव जीवन को खतरे में डालने के अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत आईपीसी की धारा 336 मे मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक चौधरी कर रहे हैं।