27 फरवरी, 2019 को एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को हवाई युद्ध में मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा एक अलंकरण समारोह में वीर चक्र से सम्मानित किया गया।
भारतीय सेना के नायकों को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान कुछ वीरों को मरणोपरांत भी सम्मान मिला। राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हिस्सा लिया। वहीं भारतीय वायुसेना के लिए आज का दिन बेहद ही खास रहा। दरअसल, 27 फरवरी, 2019 को एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को हवाई युद्ध में मार गिराने वाले ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान को आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा वीर चक्र से सम्मानित किया गया। बता दें कि बालाकोट एयरस्ट्राइक के समय अभिनंदन वायुसेना में विंग कमांडर थे लेकिन अब उन्हें प्रमोट करके ग्रुप कैप्टन बना दिया गया है।
गौरतलब है कि 14 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा पर फिदायीन हमला किया था। इस हमले में भारत के 40 जवान शहीद हो गए थे। वहीं इसके बाद पीएम मोदी ने इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देने का एलान किया था। वायुसेना ने 26-27 फरवरी की रात पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। भारतीय सेना के हमले में 300 से ज्यादा आतंकियों की मौत हो गई थी। जिसके बाद अगले दिन ही बौखलाए पाकिस्तान की वायुसेना ने भारत में घुसने की कोशिश की, लेकिन भारतीय वायुसेना ने उसे खदेड़ दिया। उसी दौरान तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान उस समय Mig-21 उड़ा रहे थे। उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान के F-16 को मार गिराया था। हालांकि बाद में अभिनंदन का विमान पाकिस्तान की सीमा में क्रैश हो गया, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया था। भारत के दबाव में पाकिस्तान ने करीब 60 घंटे बाद अभिनंदन को छोड़ा था। छोड़ने के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई थी।
विज्ञापन
2 of 10
नायब सूबेदार सोमबीर की मां और पत्नी सम्मान लेती हुईं
- फोटो : ANI
वहीं जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान ए ++ श्रेणी के आतंकवादियों को मारने के लिए शहीद नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी और मां ने राष्ट्रपति के हाथों सम्मान ग्रहण किया। सम्मान लेने के दौरान दोनों भावुक भी हो गईं।
विज्ञापन
3 of 10
मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल की मां सम्मान लेती हुईं
- फोटो : ANI
पांच आतंकवादियों को मौत के घाट उतारने वाले मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल को भी मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने उनकी मां को यह पुरस्कार प्रदान किया।
4 of 10
प्रकाश जाधव को मरणोपरांत कीर्ति चक्र
- फोटो : ANI
वहीं कोर ऑफ इंजीनियर्स के सैपर प्रकाश जाधव को मरणोपरांत दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। जाधव ने जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान आतंकवादियों को खदेड़ा था।
विज्ञापन
5 of 10
पूर्व पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान
- फोटो : Social media
पूर्व पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त), इंजीनियर इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, दक्षिणी नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल अनिल चावला को परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। वहीं पूर्वी वायु कमांडर एयर मार्शल दिलीप पटनायक को अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
6 of 10
शौर्य चक्र ग्रहण करतीं स्व. लांस नायक संदीप सिंह की पत्नी गुरप्रीत कौर
- फोटो : एएनआई
4 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के लांस नायक संदीप सिंह को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शौर्य चक्र (मरणोपरांत) से सम्मानित किया। उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर ने अवार्ड ग्रहण किया। लांस नायक संदीप सिंह ने साल 2018 में जम्मू-कश्मीर में एक ऑपरेशन के दौरान अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए एक विदेशी आतंकवादी को मार गिराया था और दो अन्य को घायल किया था।
विज्ञापन
7 of 10
शौर्य चक्र ग्रहण करतीं सिपाही बृजेश कुमार की पत्नी श्वेता कुमारी
- फोटो : एएनआई
भारतीय सेना की पंजाब रेजिमेंट के सिपाही बृजेश कुमार को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान साल 2018 में एक अभियान के दौरान एक ए++ श्रेणी के आंतकवादी को मार गिराने के लिए दिया गया। उनकी पत्नी श्वेता कुमारी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से यह अवार्ड ग्रहण किया।
8 of 10
शौर्य चक्र पुरस्कार ग्रहण करतीं सिपाही हरि सिंह की पत्नी राधा बाई
- फोटो : एएनआई
55वीं राष्ट्रीय रायफल्स के सिपाही हरि सिंह को साल 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में एक आतंकवादी को मार गिराने और एक को घायल करने के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी राधा बाई ने राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार गृहण किया।
9 of 10
शौर्य चक्र ग्रहण करतीं जम्मू-कश्मीर पुलिस के सब इंस्पेक्टर इमरान हुसैन की पत्नी गुलनाज अख्तर
- फोटो : एएनआई
जम्मू-कश्मीर पुलिस के सब इंस्पेक्टर इमरान हुसैन तक को मरणोपरांत शौर्य चक्र प्रदान किया गया। उन्हें यह पुरस्कार साल 2017 में गोली लगने के बावजूद एक शीर्ष आतंकी कमांडर को ढेर करने और दूसरे को गिरफ्तार करने के लिए दिया गया। उनकी पत्नी गुलनाज अख्तर ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार ग्रहण किया।
शौर्य चक्र ग्रहण करते एसपीओ आशिक हुसैन मलिक के माता-पिता
- फोटो : एएनआई
जम्मू-कश्मीर एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) आशिक हुसैन मलिक को मरणोपरांत शौर्य चक्र अवार्ड से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार साल 2018 में अनंतनाग में एक अभियान के दौरान उच्चतम दर्जे का साहस दिखाने के लिए दिया गया जिसके चलते चार सशस्त्र आतंकवादियों को ढेर किया जा सका। उनके माता-पिता मकबूल मलिक और शाहजादो बाने ने यह अवार्ड ग्रहण किया।