देश के कई राज्यों के साथ गोवा में भी लोगों को इस समय बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशान लोगों ने जब ट्विटर पर अपनी समस्या बताई तो विभाग ने भी अपना दुखड़ा रो दिया। बिजली कटौती की समस्या को लेकर जब लोगों ने ट्वीट करने शुरू किए तो विभाग के सोशल मीडिया अकाउंट को संभालने वाले अधिकारियों ने कहा कि हम खुद अंधेरे में हैं।
ऐसा उत्तर देख लोगों को पहले यह लगा कि विभाग का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है। लेकिन, अधिकारियों ने कहा कि ये ट्वीट सही हैं और अकाउंट हैक नहीं हुआ है। हालांकि, बाद में ये ट्वीट डिलीट कर दिए गए। विभाग के अधिकारियों की ओर से किए गए एक ट्वीट में ये लिखा गया कि राज्य के अन्य लोगों की तरह हम भी बिजली कटौती की समस्या का सामना कर रहे हैं।
'मैं भी आपकी तरह ही उपभोक्ता हूं...'
विभाग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट में लिखा गया कि यहां भी बिजली नहीं है और हम आपसे किसी भी समय दूर हो सकते हैं जब तक लैपटॉप और मोबाइल चार्ज नहीं हो जाते। इस पर एक यूजर ने हैरानी जताई तो इसके उत्तर में ट्वीट आया कि मैं भी आपकी तरह उपभोक्ता हूं। मैं सिर्फ ट्विटर पर विभाग का एक आदमी हूं। मेरे लिए भी वही सेवा है जो सबके लिए है।
हैक होने के सवाल पर दिया ये जवाब
वहीं, एक यूजर ने जब ये पूछा कि क्या बिजली विभाग का ट्विटर अकाउंट हैक हो गया है तो इसके जवाब में उत्तर आया कि मुझे नहीं लगता कि कोई हैकर अपनी नींद खोकर इतनी देर में काम करेगा और आप लोगों से अच्छी तरह से बात करेगा। हम आप तक सही जानकारी पहुंचा रहे हैं। हैकिंग किसी तरह का नुकसान करने के लिए की जाती है। यह अकाउंट हैक नहीं हुआ है।