टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा द्वारा पहला स्वर्ण पदक जीतने पर देशभर में उल्लास का माहौल है। सोशल मीडिया में लोगों के बधाई संदेशों और जश्न के फोटो की बाढ़ आ गई। नीरज के पानीपत स्थित घर पर तो उनके चाहने वाले खुशी से झूमते नजर आए।
ख्यात गायिका लता मंगेशकर ने बधाई देते हुए कहा- नीरज चोपड़ा ने नया इतिहास रच दिया। नीरज चोपड़ा पर देश को गर्व है।
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने ट्वीट किया- हम सब आपकी सेना में हैं बाहुबलि। एक सिक्का जारी होना चाहिए, जिस पर भाला फेंकते हुए नीरज चोपड़ा की तस्वीर अंकित हो।
नीरज के पिता बोले- बेटे के प्रयासों से देश का सपना पूरा हुआ
स्वर्ण पदक विजेता नीरज के पिता ने कहा कि मैं बेहद खुश हूं। मेरे बेटे के प्रयासों से देश का सपना पूरा हुआ उसकी ट्रेनिंग देखकर, हम यह मेडल जीतने के प्रति आश्वस्त थे।
गौतम गंभीर ने ट्वीट किया- नीरज ने 130 करोड़ भारतीयों की भुजाओं का दिखाया दम
अक्षय कुमार ने लिखा- नीरज ने इतिहास रच दिया। तुम एक अरब आंखों में खुशी के आंसू लाए हो।
मधुर भंडारकर ने कहा- क्या ऐतिहासिक क्षण हैं, नीरज चोपड़ा का जबर्दस्त गोल्डन थ्रो। इस शानदार उपलब्धि के लिए आपको बधाई। भारत को आप पर गर्व है।
अजय देवगन ने लिखा- टोक्यो ओलंपिक के लिए बधाई हो नीरज। आप और तरक्की करो। आपने अपने पैरेंट्स और देशवासियों का सीना गर्व से ऊंचा कर दिया है। मैं बता नहीं सकता कि कितना खुश हूं। ये लाजवाब है।
एक यूजर ने वाहिद अली 'वाहिद' की कविता के कुछ अंश ट्वीट किए
द्वंद कहा तक पाला जाए
युद्ध कहां तक टाला जाए
तू भी है राणा का वंशज
फेंक जहाँ तक भाला जाए।
दोनों तरफ़ लिखा हो भारत,
सिक्का वही उछाला जाए…!