फैसले से पहले कोर्ट के बाहर माल्या ने कहा कि उसने किसी के पैसे नहीं चुराए हैं। मैं झूठ नहीं बोल रहा हूं। मेरी तरफ से भारतीय बैंकों को पैसे वापस करने का प्रस्ताव झूठा नहीं है। कर्नाटक हाईकोर्ट के सामने मेरी तरफ से पैसे वापस करने के प्रस्ताव का प्रत्यर्पण केस से कोई संबंध नहीं है।
माल्या ने कहा था कि ईडी ने जिन संपत्तियों को कुर्क किया है, वे फर्जी नहीं हो सकतीं। मेरे पास कर्ज चुकाने के लिए काफी संपत्ति है। वे उसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मैं इस बात को खारिज करता हूं कि मैंने पैसे चुराए हैं।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने माल्या के प्रत्यर्पण की मंजूरी पर खुशी जताई है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज भारत के लिए बड़ा दिन है। भारत से धोखाधड़ी करने वाला कोई भी सजा से नहीं बचेगा। एक अपराधी को यूपीए सरकार के दौरान फायदा पहुंचाया गया था। अब एनडीए सरकार उसको वापस ला रही है।
वहीं, भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि माल्या के प्रत्यर्पण को लंदन कोर्ट की मंजूरी मिलना भारत सरकार की बड़ी जीत है।
सीबीआई ने कहा जल्द निष्कर्ष तक पहुंचेगा मामला
सीबीआई ने माल्या प्रत्यर्पण को लेकर कहा कि हम माल्या को जल्द भारत लाने और मामले को निष्कर्ष तक पहुंचाने की उम्मीद कर रहे हैं। हमने केस पर काफी मेहनत की है। हम तथ्य व कानून दोनों पक्षों में मजबूत हैं। इसीलिए प्रत्यर्पण प्रक्रिया का पालन करते समय हम विश्वस्त थे।