अमिताभ बच्चन के ‘प्रतीक्षा’ बंगले की दीवार तोड़कर सड़क चौड़ी किए जाने के मामले में महाराष्ट्र सरकार टालमटोल कर रही है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने लोकायुक्त के सामने तर्क दिया है कि सड़क निर्माण के लिए ठेकेदार नहीं मिल रहा है। अमिताभ के बंगले की दीवार को अभी नहीं तोड़ा जाएगा।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 2020 -2021 में सिविल सेवा परीक्षा और अन्य परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को दो अतिरिक्त मौके और उम्र सीमा में छूट देने की मांग की है।
चौधरी ने पत्र में लिखा, कई अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, क्योंकि वे कोविड वॉरियर्स (डॉक्टर, नर्स, पुलिसकर्मी, बैंक कर्मचारी) थे। लॉकडाउन के दौरान पूरे छात्रों की तैयारियों पर बुरा असर पड़ा है। उनकी मांग है कि परीक्षा के लिए उन्हें एक और मौका मिले, क्योंकि कोविड के कारण वे परीक्षा नहीं दे पाए या सही तरीके से तैयारी नहीं कर पाए।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उपयोग जिम्मेदारी से करने पर जोर दिया है ताकि इससे किसी अन्य की भावनाओं या विश्वास को ठेस न पहुंचे। भारतीय ज्ञानपीठ के 33वें मूर्ति देवी पुरस्कार समारोह में उन्होंने सार्वजनिक बयानों में शालीनता की अपील करते हुए कहा कि लेखकों और विचारकों से बौद्धिक तर्कों की उम्मीद की जाती है, विवाद भड़काने की नहीं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए अपने ताजिकिस्तानी समकक्ष सिरोजिद्दीन मुहरिद्दीन से मुलाकात कर कई द्विपक्षीय मुद्दों पर बात की। इस दौरान दोनों देशों ने कूटनीतिक प्रशिक्षण और सहयोग कार्यक्रम से जुड़े समझौतों पर भी दस्तखत किए। मुलाकात के बाद जयशंकर ने ट्वीट कर कहा, हमने ऊर्जा, संपर्क, व्यापार, सुरक्षा व क्षमता बढ़ाने समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को प्रगाढ़ बनाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।