फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lok Sabha Election: वायुसेना के पूर्व प्रमुख आरकेएस भदौरिया भाजपा में शामिल हुए, जानें इस फैसले पर क्या बोले

Sun, 24 Mar 2024 12:27 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा।
विज्ञापन
भाजपा में शामिल हुए पूर्व एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया (बीच में)। - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एयर चीफ मार्शल (रिटायर्ड) आरकेएस भदौरिया रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। उनके साथ ही तिरुपति के पूर्व सांसद वरप्रसाद राव ने भी केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
विज्ञापन


अपने इस फैसले पर रिटायर्ड एयर चीफ मार्शल ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई नेताओं का शुक्रिया जताया। उन्होंने कहा, "मैं बहुत भाग्यशाली रहा हूं कि अपनी जिंदगी के 40 साल से ज्यादा भारतीय वायुसेना के लिए काम कर पाया। ये एक बहुत बड़ा गौरव का विषय रहा है। इस दौरान सबसे स्वर्णिम अवसर वह रहा है, जो कि मेरी सेवा के पिछले 8 से 10 वर्षों में इस पार्टी की सरकार की तरफ से जो कठोर कदम उठाए गए, भारतीय सेनाओं को मजबूत करने के लिए, आत्मनिर्भर करने के लिए। आधुनिकीकरण के लिए जो कदम उठाए गए, उनसे हमारी सेनाओं में क्षमता विकसित हुई है।

उन्होंने आगे कहा, "इसके साथ ही सेनाओं में एक नया आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने का जो क्रम शुरू हुआ है। इसके धरातल पर प्रभाव भी दिखने लगे हैं। इससे हमारे पास स्वदेशी क्षमताएं भी आएंगी।"
विज्ञापन


कौन हैं आरकेएस भदोरिया?
भदौरिया भारतीय वायुसेना के 26वें प्रमुख थे। तत्कालीन एयर चीफ मार्शल भदौरिया को जून 1980 में भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में शामिल किया गया था और वह कई पदों पर रहे। एसीएम राकेश कुमार सिंह भदौरिया मूल रूप से उत्तर प्रदेश से आते हैं। वे भारत को मजबूत बनाने वाले 36 राफेल विमानों की खरीद के लिए गठित टीम का अहम हिस्सा रहे थे। राकेश कुमार सिंह भदौरिया भारतीय वायुसेना के सबसे बेहतरीन पायलटों में से एक हैं। उन्होंने अब तक राफेल सहित 28 से ज्यादा प्रकार के लड़ाकू और परिवहन विमानों को उड़ाया है।

एयर मार्शल भदौरिया प्रायोगिक टेस्ट पायलट होने के साथ कैट 'ए' कैटेगरी के क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और पायलट अटैक इंस्ट्रक्टर भी हैं। इनकी कुशल परिचालन क्षमता के कारण इन्हें साल 2002 में वायु सेना पदक, साल 2013 में अति विशिष्ट सेवा पदक और साल 2018 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।

आरकेएस भदौरिया भारतीय वायुसेना के जगुआर स्क्वाड्रन और दक्षिणी पश्चिमी सीमा पर स्थित एक प्रमुख वायुसेना स्टेशन के प्रमुख भी रह चुके हैं। एयर मार्शल भदौरिया विमान और सिस्टम परीक्षण प्रतिष्ठान में उड़ान परीक्षण स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर भी रह चुके हैं। इसी संस्थान ने भारत के पहले स्वदेशी लड़ाकू विमान एलसीए तेजस की प्राथमिक उड़ानों को आयोजित किया था।

कौन हैं वरप्रसाद राव?
वरप्रसाद राव ने 2014 में वाईएसआर कांग्रेस के टिकट पर आंध्र प्रदेश के तिरुपति से 16वीं लोकसभा का चुनाव जीता था। वह तमिलनाडु कैडर के 1983 बैच के एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी थे। सिविल सेवाओं में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने तमिलनाडु सरकार, चेन्नई के प्रधान सचिव सहित कई शीर्ष पदों पर कार्य किया। साल 2009 में उन्होंने राजनीति में प्रवेश करने के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। पूर्व आईएएस अधिकारी राव ने कहा कि उन्होंने मोदी को सर्वाधिक सक्रिय नेता के रूप में देखा है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए उनकी सरकार की सराहना भी की।
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें