बच्चों के मामूली विवाद में शुक्रवार की सुबह रामपुर शहर के पुराना गंज स्थित कुम्हारों वाली गली गुस्से की आग में धधक उठी। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद पथराव, आगजनी और फायरिंग होने लगी। दहशत में लोग घरों में जा छिपे।
गली में खड़ी पांच मोटर साइकिलें जलकर खाक हो गईं। हवाई फायरिंग में एक युवक के हाथ में छर्रा जा लगा, जबकि कई बाल-बाल बचे। पुलिस ने आरएसएस के नगर कार्यवाह सहित कई को हिरासत में लिया है। एक पक्ष से पंद्रह नामजद सहित बीस लोगों के खिलाफ गंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उधर, कुम्हारों वाली गली सहित पुराना गंज में घटना के बाद तनाव को देखते भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
गंज थाना क्षेत्र में पुराना गंज स्थित कुम्हारों वाली गली निवासी अनवर का मोहल्ले के ही छोटे से विवाद था। दो दिन पहले मारपीट भी हुई थी। बताते हैं कि शुक्रवार सुबह समझौता कराने के लिए अनवर की ओर से कुछ लोग मुहल्ले में पहुंचे थे।
अनवर के दरवाजे इन लोगों की बाइकें खड़ी थी। बताते हैं कि बातचीत के दौरान ही दोनों समुदायों के बीच गालीगलौज शुरू हो गई। इसी के साथ मारपीट होने लगी। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। कुछ लोगों ने फायरिंग भी शुरू कर दी जिससे भगदड़ मच गई।
इसके बाद गली में खड़ी मोटर साइकिलों को आग के हवाले कर दिया। इस बवाल से जहां कुम्हारों वाली गली में दहशत फैल गई, वहीं आग की तरह घटना पूरे शहर में फैल गई।
जानकारी मिलते ही गंज एसओ जीत सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए। दमकल भी पहुंच गई और बाइकों में लगी आग बुझाई। वहीं सीओ सिटी आले हसन भी कई थानों की फोर्स लेकर पहुंच गए। हंगामा कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। पूरा मोहल्ला छावनी में बदल गया। पुलिस ने यहां पर रहने वाले आरएसएस के नगर कार्यवाह सुंदरलाल सिंहानिया सहित कई को हिरासत में ले लिया।